झारखंड में यहां मिलेगा विधवा महिलाओं को आवास

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गिरिडीह: उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने बताया कि विधवा महिलाओं को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास योजना का शुभारंभ किया गया था।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य वैसे विधवा महिलाओं का आवास प्रदान करना है जिनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है।

इस योजना में वैसी महिलाओं को आवास उपलब्ध कराने के लिए सामाजिक, आर्थिक एवं जाति आधारित जनगणना के आकंड़ों के आधार पर लाभुकों का चयन किया जाएगा।

इसके अलावा बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, ओला वृष्टि, आगजनी, हाथी के प्रकोप से प्रभावित परिवार एवं एकल परित्यक्त महिलाएं जो स्वयं आवास बनाने में समर्थ नहीं हों वैसे परिवारों या महिलाओं को भी इस योजना के तहत आवास स्वीकृत किया जाएगा।

इन लाभुकों की स्वीकृति बीडीओ की ओर से संतुष्टि के आधार पर दी जाएगी।

उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2021-22 का जिलेवार भौतिक लक्ष्य उपवांटित किया गया है जिसमें गिरिडीह जिले को 355 इकाई आवास बनाने का लक्ष्य दिया गया है।

प्रखंडों को उपवांटित की गई आवास योजना में बगोदर प्रखंड को 22, बेंगाबाद प्रखंड को 25, बिरनी प्रखंड को 28, देवरी प्रखंड को 27, धनवार प्रखंड को 37, डुमरी प्रखंड को 37, गांडेय प्रखंड को 28, गांवा प्रखंड को 20, गिरिडीह प्रखंड को 34, जमुआ प्रखंड को 42, पीरटांड़ प्रखंड को 19, सरिया प्रखंड को 21 एवं तिसरी प्रखंड को 15 मिलाकर कुल 355 इकाई आवास बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

Share This Article