

रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को राज्य के लोगों को रक्षाबंधन की बधाई दी और इसे स्नेह और विश्वास का उत्सव बताया। गंगवार ने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के बीच स्नेह, विश्वास और अटूट रिश्ते का उत्सव है। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व नहीं, बल्कि यह उस अटूट रिश्ते और जिम्मेदारी की भी याद दिलाता है, जो हमारे परिवार और समाज को मजबूत बनाता है।





हमारी माताओं-बहनों का सदैव स्वर्णिम इतिहास रहा है। संघर्ष करते हुए परिवार को संभालने के साथ-साथ झारखंड के निर्माण और देश के विकास में भी उन्होंने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जब एक नारी पढ़ती है, आगे बढ़ती है, तो केवल उनका जीवन नहीं बदलता, बल्कि पूरा परिवार और समाज सशक्त होता है।
इसी विश्वास के साथ झारखंड सरकार माताओं-बहनों को शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मंईयां सम्मान योजना, पलाश, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान सहित अनेक पहल हमारी माताओं-बहनों को अपने सपनों को पूरा करने, आत्मनिर्भर बनने और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर दे रहे हैं।
