खेतको गांव में हाथियों का उत्पात, तीन घर क्षतिग्रस्त और फसलें बर्बाद; विधायक नागेन्द्र महतो ने लिया जायजा

बगोदर के खेतको गांव में हाथियों के झुंड ने तीन घर क्षतिग्रस्त किए और किसानों की फसलें रौंद दीं, विधायक ने मौके पर पहुंचकर मुआवजे की मांग उठाई।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बगोदर : बगोदर प्रखंड के खेतको गांव में गुरुवार की रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने तीन घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, वहीं दर्जनों किसानों की मकई, धान एवं बेदाम की फसलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार को बगोदर विधायक नागेन्द्र महतो प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने हाथियों के उत्पात से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि हाथियों के झुंड ने रात के समय गांव में प्रवेश कर कई घरों को नुकसान पहुंचाया तथा खेतों में लगी फसलों को रौंदकर नष्ट कर दिया। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक नागेन्द्र महतो ने हजारीबाग DFO से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने वन विभाग से हाथियों के झुंड को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। विधायक ने प्रभावित किसानों एवं जिन गृहस्वामियों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि हाथियों के लगातार गांवों में प्रवेश करने से ग्रामीणों और किसानों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो रहा है। वन विभाग को इस दिशा में प्रभावी एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों को राहत मिल सके। विधायक ने प्रभावित ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और नुकसान के उचित मुआवजे के लिए हरसंभव पहल की जाएगी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।