Deep TMS Machine : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री Irfan Ansari ने बुधवार को रांची स्थित RINPAS में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक डीप टीएमएस (Deep TMS) मशीन का उद्घाटन किया। यह मशीन रोटरी क्लब ऑफ रांची और Central Coalfields Limited के सहयोग से स्थापित की गई है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित ‘RIMS-2’ परियोजना के लिए जिन लोगों की जमीन अधिग्रहित होगी, उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि RIMS-2 एशिया के सबसे बड़े अस्पतालों में शामिल होगा और इसके निर्माण के लिए राज्य सरकार स्वयं संसाधन जुटा रही है।
बिना दवा के मानसिक रोगों के इलाज में मिलेगी मदद
RINPAS की निदेशक डॉ. जयति सिमलाई ने बताया कि डीप टीएमएस मशीन मानसिक रोगों के उपचार में नई क्रांति साबित हो सकती है। अब तक कई मानसिक बीमारियों के इलाज में भारी मात्रा में दवाओं का उपयोग किया जाता था, लेकिन यह मशीन सीधे मस्तिष्क के प्रभावित हिस्से पर थेरेपी देकर उपचार में सहायता करेगी। इससे कई मरीजों को कम दवाओं या बिना दवा के भी लाभ मिल सकेगा तथा दुष्प्रभावों की संभावना भी कम होगी।
दो वर्षों की मेहनत के बाद स्थापित हुई मशीन
रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना को पूरा करने में लगभग दो वर्षों का समय लगा। क्लब के अध्यक्ष अमित अग्रवाल और प्रोजेक्ट चेयरमैन गौरव बागराय ने कहा कि यह मशीन झारखंड में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगी और मरीजों को आधुनिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम में कांके विधायक सुरेश बैठा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने इस दौरान सीसीएल से कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र में और अधिक सहयोग करने की भी अपील की।


