पूजा से पहले आउटसोर्स, एनएचएम कर्मियों और सहियाओं को मिले बकाया मानदेय, स्वास्थ्य विभाग का सख्त निर्देश

झारखंड सरकार ने दुर्गा पूजा से पहले स्वास्थ्यकर्मियों, एनएचएम कर्मचारियों और सहियाओं का बकाया मानदेय चुकाने का निर्देश दिया है। सहियाओं को 12 हजार रुपये भुगतान की रिपोर्ट भी मांगी गई।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: त्योहारों के मौसम में राज्य के चिकित्सा और स्वास्थ्य महकमे से जुड़े कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा ने राज्य के सभी जिलों को दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों से पहले आउटसोर्स, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मियों और सहियाओं के बकाया मानदेय का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

इस संबंध में शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, विभाग के संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, डीआईसी डॉ. सिद्धार्थ सान्याल के साथ-साथ सभी जिलों के सिविल सर्जन शामिल हुए।

समीक्षा के दौरान कई जिलों के अधिकारियों ने बताया कि जुलाई और अगस्त माह तक के मानदेय का भुगतान किया जा चुका है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा ने निर्देश दिया कि 16 अक्टूबर तक सितंबर माह तक के सभी बकाया मानदेय का भुगतान तुरंत किया जाए, ताकि त्योहार से पहले कर्मियों के बैंक खातों में पैसे पहुंच सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी जिले को आगामी महीनों के भुगतान के लिए अतिरिक्त राशि की जरूरत है, तो वे तुरंत विभाग को मांग भेजें ताकि समय पर फंड मुहैया कराया जा सके।

सहियाओं के 12 हजार रुपये मानदेय की मांगी रिपोर्ट

बैठक में विशेष सचिव ने सहियाओं को मिलने वाले मानदेय की स्थिति की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों से रिपोर्ट तलब की है कि सभी सहियाओं को 12,000 रुपये का मानदेय मिल चुका है या नहीं। इसके साथ ही, वास्तविक स्थिति की पुष्टि के लिए भुगतान से जुड़े विवरण और भुगतान पत्रक (पे-शीट) भी विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जमीनी स्तर पर काम करने वाली सहियाओं को उनका पूरा हक समय पर मिला है या नहीं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।