Jharkhand News: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के एमपी रोड, मकान नंबर 8 में रहने वाली नवविवाहिता रिता कुमारी महतो (23) ने शुक्रवार को कथित तौर पर दहेज की मांग से प्रताड़ित होकर खुदकुशी कर ली। रिता की शादी मात्र 16 दिन पहले, 29 अप्रैल 2025 को सोनारी निवासी चंदन महतो से हुई थी।
पुलिस ने रिता के पिता वैद्यनाथ महतो की शिकायत पर पति चंदन महतो, सास सावित्री महतो और ससुर देवेन महतो के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
क्या है मामला?
गम्हरिया के चित्रगुप्त नगर निवासी वैद्यनाथ महतो की बेटी रिता को शादी के बाद से ही ससुराल में नई मोटरसाइकिल की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। रिता ने इसकी शिकायत कई बार अपने मायके वालों से की थी।
वैद्यनाथ ने सोनारी थाने में दिए बयान में आरोप लगाया कि दहेज में बाइक न मिलने पर उनकी बेटी की हत्या की गई और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया।
घटना के समय रिता का पति चंदन काम पर गया था। दोपहर में उसकी मां सावित्री ने फोन कर बताया कि रिता ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
चंदन तुरंत घर पहुंचा और ससुराल पक्ष की मदद से रिता को फंदे से उतारकर टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।