जेटेट परीक्षा को लेकर मुख्य सचिव ने सभी जिलों के उपायुक्तों को लिखा पत्र, जानें क्या दिया निर्देश

झारखंड में जेटेट-2026 में रिकॉर्ड 5,65,078 अभ्यर्थी शामिल होंगे। मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा और कदाचारमुक्त संचालन के लिए जिलों को सख्त निर्देश दिए।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में राज्य गठन के बाद होने वाली सबसे बड़ी परीक्षा यानी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर कड़े निर्देश दिए हैं। इस परीक्षा में 5,65,078 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जो राज्य गठन के बाद एक नया रिकॉर्ड है। इनमें कक्षा एक से पांच के लिए 1,95,965 और कक्षा छह से आठ के लिए 3,69,113 परीक्षार्थी भाग लेंगे, जिनके लिए राज्य भर में कुल 986 केंद्र बनाए गए हैं।

परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव के निर्देश पर प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट जैसी गोपनीय सामग्री की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी जिला कलेक्टर यानी डीसी को सौंपी गई है। इसके तहत सभी जिला मुख्यालयों के कोषागार और उपकोषागार में स्ट्रांग रूम बनाने, वहां 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी करने तथा सुरक्षा बलों और अग्निशमन प्रणाली को दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, स्टेटिक और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट की नियुक्ति करने, सोशल मीडिया की अफवाहों पर नजर रखने के वास्ते जिला साइबर सेल का गठन करने और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाने के भी आदेश दिए गए हैं। परीक्षा से पहले सभी उपायुक्त, डीडीसी, कोषागार अधिकारी और पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की पूरी रूपरेखा तैयार करने को कहा गया है ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हो सके।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।