
रांची : मंईयां योजना के तहत लाभुकों को मिलने वाली राशि की भुगतान व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राज्य सरकार अब हर महीने ‘मंईयां सम्मान दिवस‘ मनाने की तैयारी कर रही है। संभावना है कि इसकी शुरुआत अक्टूबर से होगी। अब एक ही दिन राज्यभर के करीब 51 लाख लाभुकों के बैंक खातों में एक साथ योजना की राशि भेजी जाएगी। अब तक योजना की राशि जिला स्तर से लाभुकों के खातों में भेजी जाती थी, लेकिन सरकार इसे बदलकर राज्य स्तर से सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर करने की तैयारी कर रही है। इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग जरूरी प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है।
सरकार की योजना है कि हर महीने एक तय दिन ‘मंईयां सम्मान दिवस‘ के रूप में मनाया जाए। इस अवसर पर राज्य स्तर पर एक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ अन्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं। वहीं, सभी जिलों के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे। कार्यक्रम के दौरान जिला स्तर पर लाभुकों से संवाद भी किया जाएगा। इस दौरान महिलाएं योजना से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा करेंगी। इसी कार्यक्रम के दौरान राज्य मुख्यालय से एक साथ सभी लाभुकों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की जाएगी। सरकार का दावा है कि राशि भेजे जाने के चार से पांच घंटे के भीतर सभी लाभुकों के खातों में पैसा पहुंच जाएगा।

