झारखंड में मॉनसून की एंट्री से बदला मौसम, 27 जून तक बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट

झारखंड में मॉनसून की रफ्तार तेज होने के संकेत, 27 जून तक येलो अलर्ट जारी। कई जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना, तापमान में गिरावट के आसार।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम की परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 27 जून तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पंजाब से बिहार तक एक टर्फ सक्रिय है। इसके अलावा झारखंड से तटीय आंध्र प्रदेश तक एक और टर्फ बना हुआ है, जिसके कारण राज्य में नमी लगातार बढ़ रही है। विभाग का कहना है कि 23 जून के आसपास झारखंड, बिहार और ओडिशा के कुछ और हिस्सों में मॉनसून आगे बढ़ सकता है।

दो से तीन डिग्री तक गिर सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार 25 जून तक राज्य के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 22 और 23 जून के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

गुमला में हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश गुमला जिले के चैनपुर में हुई, जहां 40.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं रांची में 35.6 मिलीमीटर, बोकारो में 35.5 मिलीमीटर और नामकुम में 23.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

आज तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी

22 जून को कोल्हान और निकटवर्ती मध्य क्षेत्रों, जिसमें राजधानी और आसपास के जिले शामिल हैं, वहां तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 27 जून के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना बनी हुई है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।