रांची : झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता रोहिताश्य रॉय ने सोमवार को राज्य के नए महाधिवक्ता के रूप में पदभार ग्रहण किया। श्री रॉय को झारखंड सरकार ने रविवार को नया महाधिवक्ता नियुक्त किया था। निवर्तमान महाधिवक्ता राजीव रंजन के इस्तीफे के बाद उन्हें नया महाधिवक्ता बनाया गया था। रोहिताश्य रॉय झारखंड के अब तक के सबसे युवा महाधिवक्ता हैं. उन्होंने सिर्फ लगभग 45 वर्ष की उम्र में ही हाईकोर्ट के एक सामान्य वकील से महाधिवक्ता के पद तक का सफर तय किया है। विधि विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई, जिसके बाद नए महाधिवक्ता ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया।

विधि विभाग की ओर से जारी की गई आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, यह महत्वपूर्ण निर्णय भारत के संविधान के अनुच्छेद-165(1) के तहत लिया गया है। इस अनुच्छेद में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए झारखंड के राज्यपाल ने नए महाधिवक्ता की नियुक्ति पर अपनी मुहर लगाई. अधिसूचना में साफ तौर पर स्पष्ट किया गया है कि राज्यपाल ने निवर्तमान महाधिवक्ता राजीव रंजन के त्याग-पत्र को तत्काल प्रभाव से स्वीकृत कर लिया है। इसके साथ ही, प्रतिष्ठित अधिवक्ता रोहितश्य रॉय को उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से लेकर अगले आदेश तक के लिए झारखंड राज्य के नए महाधिवक्ता के रूप में नियुक्त किया जाता है।


