
रांची/नई दिल्ली: झारखंड में सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल सामने आई है। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की और दो नए फोरलेन नेशनल हाईवे के निर्माण की मांग रखी। इस पर केंद्र की ओर से इन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आश्वासन मिला है।
दो अहम रूट पर बनेगा फोरलेन हाईवे
प्रस्ताव के तहत दो महत्वपूर्ण सड़कों को फोरलेन में विकसित किया जाएगा। इसमें पलामू जिले के छत्तरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से नौडीहा बाजार, डुमरिया, इमामगंज होते हुए शेरघाटी ग्रैंड ट्रंक रोड तक सड़क शामिल है। दूसरा प्रोजेक्ट कजरी से पाटन, मनातू और चतरा होते हुए ग्रैंड ट्रंक रोड तक फोरलेन सड़क निर्माण का है।
चार राज्यों को मिलेगा सीधा फायदा
इन सड़कों के बनने से झारखंड के साथ-साथ बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। खासकर गढ़वा से छत्तीसगढ़ और बिहार के औरंगाबाद से बनारस तक यात्रा आसान और तेज हो जाएगी। इससे व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नया बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बताया कि झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग का घनत्व देश के औसत से काफी कम है। राज्य में प्रति 1000 वर्ग किलोमीटर पर करीब 190 किलोमीटर ही नेशनल हाईवे हैं, जबकि राष्ट्रीय औसत करीब 500 किलोमीटर है। ऐसे में नए हाईवे बनने से राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
खनिज परिवहन होगा आसान
झारखंड में खनिजों की ढुलाई मुख्य रूप से सड़कों के जरिए होती है। बेहतर सड़कों के बनने से परिवहन तेज और सुगम होगा, जिससे उद्योगों को भी फायदा मिलेगा। इस बैठक में वरिष्ठ नेता अरुण कुमार सिंह और प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे।

