
पूर्वी सिंहभूम : जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के उईनाला गांव में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां बहन की शादी से पहले एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में है।
मृतक की पहचान 23 वर्षीय अनिमेष साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल को उसकी बहन की शादी तय थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था, लेकिन आर्थिक व्यवस्था को लेकर युवक पिछले कुछ दिनों से परेशान बताया जा रहा है। 17 अप्रैल के बाद से वह घर से लापता था।
शुक्रवार शाम ग्रामीणों ने गांव के पास स्थित काजू बागान में एक पेड़ से युवक का शव लटका हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के अनुसार, मृतक की बहन की शादी थी, जिसके लिए करीब 2.5 लाख रुपये उसके बैंक खाते में रखे गये थे। अनिमेष ने ऑनलाइन गेम में यह राशि गंवा दी थी, जिसके बाद वह गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में चला गया। इसी दबाव में उसने आत्मघाती कदम उठाया होगा।
घटना को लेकर गांव में कई सवाल भी उठ रहे हैं। पूरे मामले में कई ग्रामीणों का कहना है कि जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही हों, वहां इस तरह की घटना सहज नहीं लगती। वहीं कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
घटना के बाद, शादी की तैयारियों में जुटा परिवार अब सदमे में है और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। पूरे गांव में शोक और अविश्वास का माहौल है, जहां एक ओर शादी की खुशियां होनी थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है।

