Jharkhand News: झारखंड के होनहार छात्रों के लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार झारखंड स्थापना दिवस के दिन स्टेट टॉपरर्स को सम्मानित करने जा रही है। साल 2026 में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में स्टेट टॉपर रहे जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के टॉपर्स को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने हाथों से पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे। इस दौरान सभी विद्यार्थियों को नकद राशि के साथ-साथ लैपटॉप, मोबाइल और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में कुल 235 विद्यार्थियों को सम्मानित किया है। इनमें बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर्स के साथ जेईई, नीट और क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थी भी शामिल है।

नकद के साथ मिलेगा लैपटॉप और मोबाइल
जानकारी के मुताबिक, सरकार जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को 3 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर पाने वालों को 2 लाख और तीसरे स्थान पर रहने वालों को 1 लाख रुपये देगी। वहीं, चयनित विद्यार्थियों को नकद के साथ लैपटॉप और मोबाइल भी दिए जाएंगे। इस दौरान सीबीएसई 12वीं के वोकेशनल संकाय के टॉपर्स को भी सम्मानित किया जा सकता है। तीनों बोर्ड के विद्यार्थी मिलाकर कुल 80 विद्यार्थियों को पुरस्कार सौंपा जाएगा।

सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस से 10वीं और 12वीं के 12 टॉपर्स को भी लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र मिलेगा। वहीं, सरकार आकांक्षा कोचिंग के 50 विद्यार्थियों को सम्मानित करेगी। इनमें जेईई के 35 और नीट के 12 उतीर्ण विद्यार्थी शामिल हैं।
माता-पिता भी लें सकेंगे पुरस्कार
सम्मान समारोह के लिए 1.46 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि तय की गई है। इसके साथ ही 226 लैपटॉप, 80 मोबाइल और 9 टैब बांटे जाएंगे। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने निर्देश जारी करते हुए सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को 13 नवंबर तक चयनित विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी देने को कहा है। यदि कोई विद्यार्थी समारोह में नहीं पहुंच पाएगा है, तो उसके माता-पिता उसकी जगह कार्यक्रम में शामिल होकर पुरस्कार ले सकते हैं।


