DGP अनुराग गुप्ता की PSU प्रमुखों के साथ अहम बैठक, नक्सलवाद और रंगदारी पर सख्त निर्देश

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand News: पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग गुप्ता ने राज्य में कार्यरत सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के प्रमुखों और उनके प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। यह बैठक गुरुवार को झारखंड पुलिस मुख्यालय, रांची में आयोजित की गई। बैठक में डीजीपी ने कई निर्देश दिये हैं।

बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध से जुड़े मामलों और सार्वजनिक उपक्रमों से संबंधित अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करना था। इस दौरान DGP ने राज्य के सभी जिलों में स्थित सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के परिचालन क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं का मूल्यांकन किया।

इन प्रमुख बिंदुओं पर हुई चर्चा

-वामपंथी उग्रवाद : DGP ने सार्वजनिक उपक्रमों के आसपास सक्रिय वामपंथी उग्रवादी गतिविधियों और उनके संभावित खतरों पर चर्चा की।

-संगठित आपराधिक गिरोह: राज्य में सक्रिय संगठित अपराध सिंडिकेट्स और उनके सार्वजनिक उपक्रमों पर प्रभाव की समीक्षा की गई।

-जबरन वसूली: सार्वजनिक उपक्रमों से रंगदारी या जबरन वसूली से संबंधित मामलों पर विचार किया गया।

-धमकी भरे कॉल: सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलने वाली धमकी भरी कॉल्स से संबंधित दर्ज मामलों की प्रगति पर चर्चा हुई।

महीने में एक बार बैठक करने का निर्देश

DGP ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि वामपंथी उग्रवाद, संगठित अपराध, रंगदारी, धमकी भरे कॉल, अवैध धरना-प्रदर्शन और अन्य संवेदनशील मामलों में संबंधित धाराओं के अंतर्गत अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों को किसी भी स्थिति में हल्के में न लिया जाए और त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

DGP ने सभी थाना प्रभारियों को यह निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्राधिकार में स्थित सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़े कर्मियों के साथ हर महीने कम-से-कम एक बार बैठक अवश्य करें।

इन बैठकों का उद्देश्य आपसी समन्वय और सूचनाओं का प्रभावी आदान-प्रदान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने यह भी कहा कि थाना प्रभारी आवश्यकतानुसार संबंधित कर्मियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें और किसी भी जांच में उनका पूरा सहयोग प्राप्त करें। DGP ने खुफिया तंत्र को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी संभावित खतरे या संवेदनशील जानकारी का संकेत मिले, तो उससे तुरंत पुलिस मुख्यालय को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक निवारक उपाय किए जा सकें।

बैठक में ADG संजय आनंद राव लाठकर, IG अभियान A.V होमकर, DIG चंदन कुमार झा, एसपी अमित रेणु सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Share This Article