झारखंड में एनएचएम कर्मियों के लिए राहत की खबर, सितंबर का मानदेय और टीबी मरीजों की पोषण राशि का जल्द होगा भुगतान

झारखंड में एनएचएम कर्मियों के सितंबर तक के लंबित मानदेय, प्रोत्साहन राशि और टीबी मरीजों की पोषण राशि का जल्द भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत काम करने वाले हजारों कर्मियों और टीबी मरीजों के लिए जल्द ही पैसों का भुगतान किया जाएगा। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में यह सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सभी कर्मियों के सितंबर माह तक के मानदेय, प्रोत्साहन राशि और टीबी मरीजों की पोषण राशि का भुगतान अविलंब सुनिश्चित किया जाए।

अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि राज्य, जिला, प्रखंड और सहिया स्तर तक के किसी भी कर्मी का वेतन लंबित नहीं रहना चाहिए। आगामी पूजा-पर्व को देखते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सके ताकि उनके परिवार को किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में वित्तीय वर्ष की आय-व्यय की समीक्षा के दौरान गढ़वा और जामताड़ा जिलों में फंड खर्च की धीमी गति पर असंतोष जताया गया। इस पर अधिकारियों को खर्च की रफ्तार तेज करने और स्वीकृत योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

पारदर्शिता और सुगमता बढ़ाने के लिए अब अक्टूबर माह का वेतन मानव संसाधन सूचना प्रणाली (HRIS) के माध्यम से देने का आदेश दिया गया है। भुगतान प्रक्रिया में रांची जिले को प्राथमिकता देते हुए पहले वहां भुगतान पूरा किया जाएगा और इसके बाद अन्य जिलों में प्रक्रिया तेजी से पूरी होगी। साथ ही, एनएचएम के आउटसोर्स कर्मियों के पारिश्रमिक और लंबे समय से बकाया हेल्थ इंश्योरेंस के मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, मिशन के पदों के पुनर्गठन (रिस्ट्रक्चरिंग) की प्रक्रिया को 10 दिनों के भीतर पूरा करने को कहा गया है।

Share This Article