
रांची : झारखंड के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का एक बड़ा मौका जल्द आने वाला है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में खाली पड़े पदों को भरने की तैयारी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड पुलिस में 9,362 सिपाहियों की सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इस भर्ती को लेकर पुलिस मुख्यालय, गृह विभाग और अन्य संबंधित विभागों में हलचल बढ़ गई है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय ने सभी रिक्त पदों का पूरा ब्योरा तैयार कर लिया है। इसके साथ ही आरक्षण नियमों के आधार पर रोस्टर भी बना लिया गया है। अब इस प्रस्ताव को गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के पास भेजा जा रहा है, जहां से मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
जैसे ही गृह विभाग से हरी झंडी मिलेगी, यह प्रस्ताव झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को भेज दिया जाएगा। इसके बाद आयोग की ओर से भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि अगले कुछ महीनों में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो सकती है। इस बड़े भर्ती अभियान के जरिए जिला पुलिस बल और विशेष इकाइयों में लंबे समय से चल रही सिपाहियों की कमी को दूर करने की योजना है। सरकार का मानना है कि पर्याप्त संख्या में जवानों की भर्ती से राज्य की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले झारखंड में 4,919 सिपाही पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसमें 20 जिलों में 3,799 नियमित पद और 11 जिलों में 1,120 बैकलॉग पद शामिल थे। इस भर्ती के लिए 15 जनवरी से 28 फरवरी 2024 तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे और बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया था। हालांकि, उस भर्ती की परीक्षा शुरू नहीं हो सकी और बाद में प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया। अब सरकार नई नियमावली और संशोधित प्रक्रिया के तहत एक बार फिर बड़ी भर्ती की तैयारी में जुट गई है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार का मौका मिल सकता है।

