
Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। रांची नगर निगम ने त्योहार को स्वच्छ, सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। साथ ही पूजा समितियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई खास इंतजाम किए जा रहे हैं।
बुधवार को निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने बकरी बाजार, आरआर सपोर्टिंग क्लब, रातु रोड, रामलला पूजा समिति और जिला स्कूल पंडाल का दौरा किया और पूजा समितियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
सख्त सुरक्षा और स्वच्छता के निर्देश
प्रशासक ने सभी पूजा पंडालों में फायर सेफ्टी और निर्धारित प्रवेश-निकास व्यवस्था को सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
पूजा समितियों को निगम के साथ लगातार संपर्क में रहने, आपात स्थिति के लिए त्वरित सहायता के लिए तैयार रहने और सभी वॉलेंटियर्स को पहचान पत्र रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, भीड़ को देखते हुए सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने को भी कहा गया।
विशेष सफाई अभियान और सुविधाएं
निगम ने पंडालों और उनके आसपास की सड़कों व नालियों की विशेष सफाई का प्लान बनाया है। खुले नालियों को ढकने और अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए खास ध्यान देने को कहा गया है। साथ ही, जगह-जगह वाटर टैंकर और मोबाइल शौचालय लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
स्ट्रीट लाइट्स और ब्लैक स्पॉट्स पर फोकस
प्रशासक ने बताया कि निगम की विद्युत शाखा ने 28 टीमें बनाई हैं, जो खराब स्ट्रीट लाइट्स को ठीक करने और ब्लैक स्पॉट्स पर खास तौर से रोशनी की व्यवस्था करने में जुटी हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पूजा के दौरान रात में भी रास्ते सुरक्षित और रोशन रहें।
24×7 सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
निगम ने पूजा समितियों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। इसके लिए निगम के पदाधिकारी लगातार पंडालों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। साथ ही, निगम का कंट्रोल रूम (18005701235) 24 घंटे, सातों दिन सक्रिय रहेगा ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान हो सके।
निरीक्षण के दौरान प्रशासक सुशांत गौरव के साथ अपर प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक रविंद्र कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सभी सहायक प्रशासक, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी और निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
