पंचायत चुनाव के पहले चरण की मतगणना रांची के पंडरा में होगी: उपायुक्त

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में मतों की गिनती पंडरा में की जायेगी।

साथ ही पोलिंग पार्टियों और मटेरियल का डिस्पैच मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम से किया जायेगा।

रंजन बुधवार को पंचायत चुनाव के सफल संचालन के लिए गठित विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक में बोल रहे थे। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को ससमय आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने को कहा है।

विभिन्न कोषांगों के कार्यो की समीक्षा

बैठक के दौरान उपायुक्त ने बारी बारी से पंचायत चुनाव के लिए गठित विभिन्न कोषांगों के कार्यों की समीक्षा की।

उपायुक्त द्वारा पोलिंग पार्टी की ट्रेनिंग के बारे में जानकारी ली गयी, संबंधित कोषांग के वरीय पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि तय कार्यक्रम अनुसार प्रशिक्षण जारी है।

उपायुक्त की ओर से सभी बीडीओ सीओ को आज आवश्यक रूप से सेंसिविटी रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि एक पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट पर पांच से ज्यादा बूथ की टैगिंग न करें।

तीसरे और चौथे चरण की मतगणना एक ही दिन होने पर उपायुक्त द्वारा तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बढ़ती गर्मी को देखते हुए पोलिंग पार्टियों के लिए मेडिसिन किट उपलब्ध कराने को लेकर भी उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

समाहरणालय ब्लॉक में आयोजित बैठक में बुण्डू अनुमण्डल के सामान्य प्रेक्षक पवन कुमार और सदर अनुमण्डल के सामान्य प्रेक्षक दशरथ चन्द्र दास, व्यय प्रेक्षक रामप्रवेश प्रसाद एवं अब्दुल खालिक के साथ ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के साथ अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Share This Article