भीषण गर्मी में बच्चों का स्कूल जाना खतरनाक, झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने समय बदलने या अवकाश देने की उठाई मांग

झारखंड में बढ़ती गर्मी के बीच पेरेंट्स एसोसिएशन ने स्कूल समय बदलने या अवकाश की मांग की, बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरे को देखते हुए सरकार से त्वरित निर्णय की अपील

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने राज्य के शिक्षा सचिव से आग्रह किया है कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए स्कूलों के समय में तत्काल बदलाव किया जाए अथवा जरूरत पड़ने पर अवकाश घोषित किया जाए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में झारखंड के अधिकांश जिलों में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। खासकर छोटे-छोटे स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है। बच्चों में डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, थकान जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे अभिभावकों में गहरी चिंता व्याप्त है।

अजय राय ने कहा कि ऐसी स्थिति में बच्चों को दोपहर की भीषण गर्मी में स्कूल भेजना उनके स्वास्थ्य के साथ जोखिम लेने जैसा है। इसलिए राज्य सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा है कि सभी विद्यालयों के समय में तत्काल बदलाव कर सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक किया जाए। वहीं, गर्मी से अत्यधिक प्रभावित जिलों में कुछ दिनों के लिए विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाए। इसके अलावा स्थानीय तापमान और परिस्थितियों के अनुसार जिला प्रशासन को निर्णय लेने का अधिकार दिया जाए।

अजय राय ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है, इसलिए सरकार को इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाना चाहिए ताकि अभिभावकों को राहत मिल सके। उन्होंने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग से इस विषय पर त्वरित और संवेदनशील निर्णय लेने की अपील की है। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन की ओर से इस संबंध में शिक्षा सचिव को ज्ञापन ईमेल के माध्यम से भेजा गया है।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।