जेटेट के लिए रिकॉर्ड 4.17 लाख अभ्यर्थियों ने दिया आवेदन, 40 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 4.17 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। करीब 10 साल बाद होने वाली जेटेट परीक्षा के बाद 40 हजार शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ होगा।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए रिकॉर्ड 4.17 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है,और परीक्षा इस वर्ष के अंत तक आयोजित होने की संभावना है। राज्य में लगभग 10 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जेटेट का आयोजन होने जा रहा है। इस बार कुल 4.17 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं जो कि वर्ष 2024 में आए 3.50 लाख आवेदनों की तुलना में करीब 67 हजार अधिक हैं। वहीं वर्ष 2016 की परीक्षा (2.53 लाख) की तुलना में इस बार 1.64 लाख अधिक अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन का अवसर दिया जाएगा, जिसके लिए झारखंड अधिविद्य परिषद जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत यह परीक्षा हर वर्ष आयोजित होनी चाहिए, लेकिन झारखंड में अब तक केवल दो बार ही (2013 और 2016 में) जेटेट आयोजित की गई है।

जेटेट का परिणाम जारी होने के बाद राज्य में सहायक आचार्य भर्ती के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी। वर्तमान में राज्य में सहायक आचार्य के करीब 40 हजार पद रिक्त हैं। पहले चरण में 26 हजार पदों पर भर्ती शुरू हुई थी, जिनमें से लगभग 16 हजार पद अभी भी खाली हैं। दूसरे चरण में 24 हजार पदों पर नियुक्ति प्रस्तावित है। जेटेट के बाद दोनों चरणों के रिक्त पदों को मिलाकर करीब 40 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो जाएगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।