झारखंड में अर्णब तूफान का असर, 15 जिलों में अलर्ट जारी

बंगाल की खाड़ी का अर्णब तूफान कमजोर होने के बावजूद झारखंड में बारिश का खतरा बरकरार है। मौसम विभाग ने 15 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : बंगाल की खाड़ी में उठा गंभीर चक्रवातीय तूफान अर्णब भले ही अब कमजोर पड़ गया हो, लेकिन इसका असर झारखंड में अब भी नजर आ रहा है। राज्य के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट और नौ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में भी बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अर्णब तूफान अब कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील हो चुका है। इसके छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों की ओर बढ़ने की संभावना है। हालांकि, इसके प्रभाव से झारखंड के कई इलाकों में मौसम खराब रह सकता है।

छह जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को झारखंड के छह जिलों में भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस सूची में गढ़वा, पलामू, लोहरदगा, लातेहार, गुमला और सिमडेगा शामिल हैं। इन जिलों में तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा आसपास के इलाकों में भी मौसम बिगड़ने की संभावना है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

नौ जिलों में येलो अलर्ट, रांची में भी बारिश की चेतावनी

झारखंड के नौ अन्य जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा और कोडरमा शामिल हैं। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, राजधानी रांची में भी अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

कमजोर पड़ा अर्णब तूफान फिर भी झारखंड में असर बरकरार

बंगाल की खाड़ी में बना गंभीर चक्रवातीय तूफान अर्णब अब कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है। हालांकि, इसका असर अभी भी झारखंड के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। गुरुवार को कोलकाता से आइजोल जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को मौसम खराब होने के कारण डायवर्ट करना पड़ा। विमान वापस कोलकाता लौट गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में शाम के समय दूसरे विमान से यात्रियों को कोलकाता भेजा गया। फिलहाल मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अगले कुछ घंटों तक लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।