रांची: बंगाल की खाड़ी में आए अर्णब तूफान का असर अब रेल यातायात पर भी दिखने लगा है। तूफान के कारण दक्षिण पूर्व रेलवे ने बड़े पैमाने पर ट्रेनों का परिचालन रद्द करने का फैसला लिया है। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को कुल 20 ट्रेनें रद्द रहेंगी। इनमें झारखंड के अलग-अलग स्टेशनों से खुलने और यहां से गुजरने वाली 14 प्रमुख ट्रेनें भी शामिल हैं। वहीं, दक्षिण भारत की ओर जाने वाली दो प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को बदले हुए रूट से टाटानगर होकर चलाया जा रहा है।

टाटानगर, हटिया और चक्रधरपुर से जुड़ी 14 ट्रेनें रद्द
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 30 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 18601/18602 टाटानगर-हटिया-टाटानगर एक्सप्रेस और 18113/18114 टाटानगर-बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस नहीं चलेंगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 68043/68044 राउरकेला-टाटानगर-राउरकेला एक्सप्रेस, 68013/68014 खड़गपुर-टाटानगर-खड़गपुर एक्सप्रेस और 68055/68056 आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल एक्सप्रेस का परिचालन भी रद्द रहेगा।
वहीं, ट्रेन संख्या 68025/68026 चक्रधरपुर-राउरकेला-चक्रधरपुर एक्सप्रेस और चांडिल होकर चलने वाली ट्रेन संख्या 68023/68024 झाड़ग्राम-पुरुलिया-झाड़ग्राम एक्सप्रेस को भी 30 अक्टूबर के लिए रद्द कर दिया गया है।
दूसरे रूट की 6 ट्रेनें भी रहेंगी रद्द
झारखंड से जुड़ी ट्रेनों के अलावा चक्रधरपुर रेल मंडल के ओडिशा सेक्शन और अन्य रूटों पर चलने वाली छह ट्रेनों को भी 30 अक्टूबर के लिए रद्द किया गया है। इनमें ट्रेन संख्या 08045 शालीमार-चरलापल्ली स्पेशल, 18118 गुनुपुर-राउरकेला एक्सप्रेस, 68033/68034 झारसुगुड़ा-संबलपुर-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस और 68031/68032 झारसुगुड़ा-संबलपुर-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस शामिल हैं। इससे पहले जलजमाव के कारण रेलवे ने फलकनुमा एक्सप्रेस, हावड़ा-बेंगलुरु एक्सप्रेस और शालीमार-वास्को डी गामा एक्सप्रेस समेत 10 ट्रेनों को पहले से घोषित फैसले के तहत रद्द रखा था।
टाटानगर और झारसुगुड़ा होकर चलेंगी दक्षिण भारत की 2 ट्रेनें
ट्रेनों के रद्द होने के बीच रेलवे ने दक्षिण भारत की ओर जाने वाली दो प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए बदले हुए रूट की व्यवस्था की है। अब ये ट्रेनें झारखंड होकर गुजरेंगी। इसके तहत ट्रेन संख्या 12663 हावड़ा-तिरुचिरापल्ली एक्सप्रेस अपने तय रूट के बजाय खड़गपुर, टाटानगर, झारसुगुड़ा, गोंदिया और बल्हारशाह के रास्ते चलाई जा रही है।
वहीं, ट्रेन संख्या 12841 हावड़ा-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित मार्ग के बजाय खड़गपुर, टाटानगर, झारसुगुड़ा और विजयनगरम होकर गुजर रही है।
ऐसे में 30 अक्टूबर को ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को सलाह है कि घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस और रूट जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी न हो।


