जसोवा मेले में स्वास्थ्य विभाग ने लगाया स्टॉल, वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदना और सहिया दीदियों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा

रांची के जसोवा मेले में स्वास्थ्य विभाग ने स्टॉल लगाकर 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए वय वंदना और सहिया दीदियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा शुरू की है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित ‘जसोवा मेला-2026’ में इस बार आम लोगों और विशेष वर्गों के स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मेले में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी (JSAS) की ओर से लगाए गए विशेष स्टॉल पर आयुष्मान भारत योजना और वय वंदना योजना के तहत निःशुल्क कार्ड बनाए जा रहे हैं।

मेला परिसर स्थित स्टॉल संख्या जी-12 पर 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वय वंदना कार्ड’ बनाए जाने की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही, राज्य भर से पहुंचीं आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और सहिया दीदियों के लिए भी यहीं पर निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।

इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को अपना आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना होगा, जबकि सेविका, सहायिका व सहिया दीदियों को अपना आधार कार्ड लेकर स्टॉल पर पहुंचना अनिवार्य है। झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने घर के बुजुर्गों और योग्य दीदियों को मेले में लाकर इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ दिलाएं।

इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), झारखंड की ओर से मेले में कुल छह विशेष स्वास्थ्य स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से परिवार नियोजन, आयुष, अंधापन नियंत्रण, गैर-संचारी रोग (NCD), किशोर स्वास्थ्य परामर्श तथा एड्स नियंत्रण से जुड़ी सेवाएं दी जा रही हैं। आयुष स्टॉल पर आने वाले लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर उन्हें दवाइयां दी जा रही हैं। वहीं, अंधापन नियंत्रण स्टॉल पर लोगों के आंखों की जांच के बाद उन्हें मुफ्त में चश्मे वितरित किए जा रहे हैं।

NCD स्टॉल पर शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों की जांच के साथ-साथ मुफ्त दवाएं दी जा रही हैं, जबकि किशोर स्वास्थ्य स्टॉल पर युवाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह पूरी सुविधा मेला अवधि के दौरान लगातार जारी रहेगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।