बैठक में बनी योजना
उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर गुरुवार को डीएसपी ट्रैफिक रोहित कुमार साव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें ट्रैफिक पुलिस, जिला परिवहन कार्यालय, सड़क सुरक्षा समिति, सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजीव सिंह, पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि और पेट्रोल पंप संचालक शामिल हुए।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित पेट्रोल पंपों पर प्राथमिक चिकित्सा किट और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही कर्मचारियों को आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को शुरुआती सहायता देने के लिए प्रशिक्षित करने की योजना पर चर्चा हुई।
गोल्डन ऑवर में मदद से बच सकती है जान
डीएसपी ट्रैफिक रोहित कुमार साव ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का गोल्डन ऑवर बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान घायल को समय पर प्राथमिक उपचार मिलने से उसकी जान बचने की संभावना बढ़ सकती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल पंप कर्मचारियों को सीपीआर और प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण देने की योजना बनाई जा रही है। इसका उद्देश्य दुर्घटनास्थल के आसपास ही तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि एंबुलेंस या अस्पताल पहुंचने तक घायल को जरूरी मदद मिल सके।
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की पहल
धनबाद पुलिस की इस पहल से राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। पेट्रोल पंपों पर जरूरी चिकित्सा सुविधाएं और प्रशिक्षित कर्मचारी मौजूद रहने से आपातकालीन परिस्थितियों में राहत पहुंचाना आसान हो सकता है।


