पुश्तैनी मकान में घुसकर हमले का आरोप
मामला गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के गांधी चौक के पास का है। मनजीत सिंह बग्गा के अनुसार, यादव होटल के पास स्थित पुश्तैनी मकान उन्हें रिश्तेदारों के बीच संपत्ति के बंटवारे के बाद मिला था। उनका आरोप है कि एक रिश्तेदार ने विवादित संपत्ति जमीन कारोबारी धर्मेंद्र शर्मा को बेच दी, जबकि जमीन से जुड़ा मामला हाईकोर्ट में लंबित है।

आरोप है कि सोमवार देर रात करीब 12 बजे धर्मेंद्र शर्मा, उसका भाई सुधीर शर्मा और कुछ अन्य लोग जबरन घर में घुस आए और मनजीत सिंह बग्गा पर रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई है। उनके कंधे की हड्डी टूटने की बात भी सामने आई है। फिलहाल उनका इलाज गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में चल रहा है।
परिजनों ने मोबाइल छीनने का भी लगाया आरोप
घायल के परिजनों का आरोप है कि हमलावर उनकी पत्नी और बहन के मोबाइल फोन भी छीनकर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर मनजीत सिंह बग्गा के बेटे नमन सिंह बग्गा दोस्तों और स्थानीय लोगों के साथ घर पहुंचे। इसी दौरान लोगों ने सलीमउद्दीन अंसारी नामक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
नमन सिंह बग्गा ने आरोप लगाया कि उनके परिवार पर सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों ने हमला किया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति को गिरफ्तार किया। वहीं, घायल मनजीत सिंह बग्गा के फर्द बयान के आधार पर धर्मेंद्र शर्मा, सुधीर शर्मा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अल्पसंख्यक आयोग ने भी लिया संज्ञान
मामले को झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने भी गंभीरता से लिया है। आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह माथुर ने गिरिडीह के एसपी से बातचीत कर मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि जब जमीन से जुड़ा मामला न्यायालय में लंबित है, तो किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। वहीं, घायल बुजुर्ग से मुलाकात के बाद बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है।


