Weather Alert: आज पूरे झारखंड में आंधी, ओले और वज्रपात की संभावना! मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

झारखंड में मौसम का बिगड़ा मिजाज, तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात का खतरा, जानिए किन जिलों में ऑरेंज अलर्ट और क्या है मौसम विभाग की चेतावनी।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांचीः झारखंड में शुक्रवार का दिन मौसम के लिहाज से काफी भारी रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे राज्य में खराब मौसम की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका जताई गई है। ऐसे में आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि इसका असर जनजीवन पर साफ दिख सकता है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा असर

राजधानी रांची के साथ चतरा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में मौसम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही मेघ गर्जन, वज्रपात और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं राज्य के बाकी हिस्सों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

मौसम विभाग की चेतावनी और अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खास सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग के अनुसार आंधी या गरज-चमक के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों या खुले मैदान में खड़ा रहना खतरनाक हो सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचें। किसानों को भी सतर्क रहने को कहा गया है, क्योंकि ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है।

21 मार्च को भी जारी रहेगा असर

मौसम का यह मिजाज सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 मार्च को भी राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और मेघ गर्जन की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि उस दिन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जो खतरे का स्तर थोड़ा कम दर्शाता है, लेकिन सतर्कता फिर भी जरूरी है।

पिछले 24 घंटे का मौसम हाल

गुरुवार को भी झारखंड के कई जिलों में मौसम बदला हुआ नजर आया। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 43 मिमी बारिश बोकारो में हुई। वहीं मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। अगले तीन दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद फिर से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।