

रांची : उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र का असर अब झारखंड में भी दिखने लगा है। इसके चलते राज्य में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय हो गया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, 24 से 27 अगस्त के बीच राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ गरज और वज्रपात की भी आशंका है। खास तौर पर 27 अगस्त को रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। वज्रपात की आशंका के बीच खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।





अगले कुछ दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम
24 अगस्त: पलामू, गढ़वा, लातेहार, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा और खूंटी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
25 अगस्त: गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी में भारी बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में तेज हवा के साथ मध्यम बारिश हो सकती है।
26 अगस्त: उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर गरज के साथ वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
27 अगस्त: रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, धनबाद, चतरा और गिरिडीह में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
28 और 29 अगस्त: राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
30 अगस्त के बाद: मौसम विभाग के मुताबिक, इसके बाद आसमान साफ होने और बारिश में कमी आने की संभावना है।
