

रांची: रांची स्थित सदर अस्पताल में रविवार को JAPCON हेमेटोपैथोलॉजी सीएमई का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ब्लड कैंसर समेत रक्त संबंधी बीमारियों की पहचान और उपचार की आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की।





दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस शैक्षणिक कार्यक्रम में सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद और उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश कुमार सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। सत्र के दौरान हेमेटोपैथोलॉजी के क्षेत्र में हो रही नई प्रगति, आधुनिक जांच तकनीकों और एडवांस्ड इलाज पद्धतियों पर जानकारी साझा की गई।
विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि आधुनिक जांच सुविधाओं और विशेषज्ञ सेवाओं का सीधा लाभ आम जनता तक सुगमता से पहुंचाया जाना बेहद जरूरी है।
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश कुमार सिंह ने इस आयोजन को सदर अस्पताल के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में डीएनबी पाठ्यक्रम की शुरुआत के बाद यह पहला सीएमई कार्यक्रम है, जो संस्थान के शैक्षणिक माहौल को मजबूती देगा। इस तरह के आयोजनों से स्थानीय डॉक्टरों को नई तकनीकों और शोध से जुड़ने का मौका मिलेगा, जिससे अंततः मरीजों को बेहतर इलाज और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
