Jharkhand Weather: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान का असर कमजोर पड़ने के बाद भी झारखंड के मौसम पर बना हुआ है। शुक्रवार को राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को कनकनी महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है। खासकर उत्तर-पूर्वी झारखंड के आठ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इन 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है। वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने के आसार हैं।

रांची में 23 डिग्री रह सकता है अधिकतम तापमान
राजधानी रांची में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
23 नवंबर से साफ होगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 22 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 23 नवंबर से आसमान साफ होने और बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है और सुबह-शाम ठंड बढ़ेगी। वहीं, 24 और 25 नवंबर की सुबह रांची समेत कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। मौसम विभाग ने वज्रपात के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।


