

रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले चार दिनों तक बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। 29 अगस्त से 1 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है।





शनिवार को दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और धनबाद में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, 30 अगस्त को धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा समेत 12 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लोहरदगा, रांची, गुमला और खूंटी में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कई इलाकों में आंधी और वज्रपात की भी आशंका है।
लगातार बारिश के कारण राज्य के तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
विभाग ने कहा है कि बहुत जरूरी काम नहीं हो तो बारिश और वज्रपात के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें। नदी, तालाब और दूसरे जलस्रोतों के पास जाने से भी बचने की सलाह दी गई है।
बहरागोड़ा रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटे की बात करें तो पूर्वी सिंहभूम के झुमरिया में सबसे ज्यादा 74.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, बहरागोड़ा राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चाईबासा में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और पाकुड़ व सरायकेला में 34.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा।
