
रांची : झारखंड में तेज गर्मी के बीच अब मौसम बदलने की संभावना दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि आने वाले 24 घंटों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 16 मिमी बारिश पाकुड़ के पकुरिया में हुई। वहीं आमड़ापाड़ा में 14.4 मिमी और महेशपुर में 8.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दूसरी ओर दुमका राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने 28 मई के लिए कई जिलों में तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर अधिकतर इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। 28 मई से 31 मई के बीच रांची, बोकारो, धनबाद, देवघर, गुमला, हजारीबाग और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

