झारखंड में मौसम का बड़ा उलटफेर! कहीं तेज बारिश तो कहीं हीट वेव का कहर, IMD ने जारी किया अलर्ट

झारखंड में मौसम ने बदला रुख, कई जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी। वहीं पलामू समेत उत्तर-पश्चिमी इलाकों में हीट वेव से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में आज मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला-बदला नजर आ सकता है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है, हालांकि गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई है। धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग और कोडरमा जैसे जिलों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इन इलाकों में वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है। दूसरी तरफ राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में हीट वेव का असर जारी रहने की संभावना है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कहीं बारिश से राहत, तो कहीं गर्मी ने किया बेहाल

पिछले 24 घंटों में झारखंड का मौसम अलग-अलग रंग में दिखाई दिया। कई जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। सबसे ज्यादा 9.8 मिमी बारिश पाकुड़ में दर्ज की गई। वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में भीषण गर्मी का असर जारी रहा। डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि कोडरमा में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम था। कुल मिलाकर पूरे राज्य में मौसम का मिजाज अस्थिर बना रहा।

 29 मई तक ऐसा ही रहेगा मौसम का हाल

 मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई तक झारखंड में मौसम लगातार करवट लेता रहेगा। 27 मई को दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। इसके बाद 28 और 29 मई को लगभग पूरे राज्य में आंशिक बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 30 और 31 मई को भी मौसम का यही ट्रेंड जारी रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण और दक्षिण बिहार से आंध्र प्रदेश तक फैली ट्रफ लाइन का असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है। इसी वजह से राज्य में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।

तापमान गिरेगा, लेकिन खतरा अभी टला नहीं

रांची और आसपास के इलाकों में आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के संकेत मिल रहे हैं। अधिकतम तापमान 40 डिग्री से घटकर करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री से गिरकर 23 डिग्री तक आने की संभावना है। 26 और 28 मई को बारिश की संभावना ज्यादा बताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने साफ कहा है कि तेज हवा, गरज और वज्रपात की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं, इसलिए लापरवाही भारी पड़ सकती है। कुल मिलाकर झारखंड में आने वाला सप्ताह राहत और परेशानी दोनों का मिश्रण लेकर आने वाला है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।