
एलोवेरा को सेहत और स्किन के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन्स, मिनरल्स और कूलिंग गुण पाए जाते हैं, जो शरीर को अंदर से स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। एलोवेरा जूस पीने से डाइजेशन बेहतर होता है, स्किन ग्लो करती है और वजन कम करने में भी मदद मिल सकती है। हालांकि, हर हेल्दी चीज हर व्यक्ति के लिए सुरक्षित नहीं होती। बिना सही जानकारी के रोजाना एलोवेरा का सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है।
लो ब्लड शुगर वालों के लिए हो सकता है खतरनाक
एलोवेरा ब्लड शुगर लेवल को कम करने में मदद करता है। ऐसे में जिन महिलाओं का ब्लड शुगर पहले से ही कम रहता है, उनके लिए इसका अधिक सेवन नुकसानदायक साबित हो सकता है। खाली पेट एलोवेरा लेने से कमजोरी, चक्कर आना, ज्यादा पसीना आना, थकान या अचानक एनर्जी कम महसूस होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
यदि कोई महिला डायबिटीज की दवा ले रही है, तो एलोवेरा दवा के असर को बढ़ा सकता है, जिससे ब्लड शुगर जरूरत से ज्यादा कम हो सकता है।
प्रेग्नेंसी में सावधानी जरूरी
प्रेग्नेंट महिलाओं को एलोवेरा का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ परिस्थितियों में एलोवेरा गर्भाशय की गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है, जिससे गर्भावस्था में जटिलताओं का खतरा बढ़ सकता है। खासतौर पर एलोवेरा के लेटेक्स हिस्से का प्रभाव अधिक तीव्र माना जाता है, इसलिए इसका उपयोग सावधानी के साथ करना चाहिए।
घरेलू उपाय अपनाने से पहले लें सलाह
प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं का शरीर अधिक संवेदनशील हो जाता है। ऐसे में किसी भी घरेलू उपाय या हेल्थ ड्रिंक को नियमित रूप से लेने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। सही जानकारी और सीमित मात्रा में सेवन ही एलोवेरा के फायदे दिला सकता है।

