रांची में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवा और बारिश की चेतावनी

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राजधानी रांची में हर रोज मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। दिन में धूप रहती है और दिन के दूसरे पहर के बाद अचानक मौसम रुख बदल लेता है। आसमान में घने काले बादलों के साथ तेज हवा और बारिश की स्थिति बन रही है।मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के पूर्वी और उससे सटे मध्य हिस्सों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इन क्षेत्रों में रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, लोहरदगा, गुमला के साथ पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा जिले शामिल हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई भागों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। रांची के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई है। पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांधा में सबसे अधिक 27.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।तापमान की बात करें तो गोड्डा में अधिकतम 37.9 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, राज्य के कुछ अन्य स्थानों में गरज के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसमें गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह जिले शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 9 अप्रैल को राज्य के पूर्वी और मध्य हिस्सों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। आने वाले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम से जुड़ी जानकारी देते हुए सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।