News Aroma Breaking: झामुमो को जल्द मिलेगा उसका फ्यूचरिस्टिक सेंट्रल ऑफिस, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन

रांची के बरियातू में झामुमो का अत्याधुनिक पांच मंजिला केंद्रीय कार्यालय लगभग तैयार, अप्रैल में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन, पार्टी की गतिविधियों को मिलेगी नई दिशा और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
  • झामुमो के नये केंद्रीय कार्यालय का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है
  • अभी हरमू स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय से संचालित होती हैं पार्टी की गतिविधियां

दयानंद राय

रांची : झामुमो के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए खुशखबरी है। पार्टी को जल्द ही उसका फ्यूचरिस्टिक सेंट्रल ऑफिस मिलने जा रहा है। बरियातू स्थित यह नया सेंट्रल ऑफिस परंपरा और आधुनिकता का संगम है जिसे पार्टी की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। पांच मंजिला इस ऑफिस का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। पांच मंजिला यह आफिस सेंट्रलाइज्ड एसी सिस्टम से लैस होगा। संभावना है कि काम पूरा होने के बाद अप्रैल में इसका उद्घाटन हो। नये ऑफिस के मिल जाने से पार्टी को एक नयी ताकत मिलेगी साथ ही कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ेगा। इस नये ऑफिस में पार्टी की जरूरतों के अनुरुप सारे इंतजाम किए गए हैं।

ऑफिस का गेट स्लाइडिंग वाला है

झामुमो के नये केंद्रीय कार्यालय का गेट स्लाइडिंग वाला है जो देखने में बेहद स्टाइलिश है। इस गेट में जेएमएम का चुनाव चिन्ह तीर-धनुष अंकित है साथ ही अंग्रेजी में जेएमएम लिखा हुआ है। ऑफिस का पोर्टिको भी बेहद स्टाइलिश है और इसका ऊपरी ढांचा कांच का बना हुआ है।

कैंप कार्यालय से संचालित हो रही हैं पार्टी की राजनीतिक गतिविधियां

गौरतलब है कि झामुमो की सभी राजनीतिक गतिविधियां वर्तमान में हरमू स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय से संचालित की जा रही है। यहीं पार्टी महासचिव विनोद पांडेय और सुप्रियो भट्टाचार्य प्रेस कांफ्रेंस करते हैं। पार्टी में जो लोग जुड़ते हैं उन्हें यहां सदस्यता दिलायी जाती है। झामुमो के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बदलते समय की राजनीति के अनुरुप पार्टी को ढालने के लिए नये ऑफिस का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिशा-निर्देशों के अनुरुप इसे नयी शक्ल दी जा रही है।

ऐसा ऑफिस किसी राजनीतिक दल का नहीं

बताते चलें कि झामुमो का जो नया केंद्रीय कार्यालय बन रहा है। उसकी टक्कर का कार्यालय रांची में किसी पार्टी का नहीं है। राष्ट्रीय पार्टियां जैसे भाजपा और कांग्रेस के कार्यालय भी इस नये ऑफिस के सामने पानी भरेंगे। बाकी आजसू और राजद के साथ जदयू के कार्यालय इसके समक्ष कहीं नहीं ठहरते। हालांकि भाजपा और कांग्रेस के नई दिल्ली स्थित कार्यालय लुक में कंफर्ट में किसी फाइव स्टार होटल से कम नहीं हैं।

Share This Article