भाजपा पहले केंद्र सरकार की विफलताओं का जवाब दे, फिर झारखंड पर सवाल उठाए : विनोद पांडेय

झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा पर केंद्र सरकार की विफलताओं से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता अब महंगाई और नीतियों की सच्चाई समझ चुकी है।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Vinod Kumar Pandey: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा द्वारा झारखंड सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को पूरी तरह निराधार, राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित और जनता को गुमराह करने का प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को झारखंड सरकार पर अनर्गल आरोप लगाने से पहले केंद्र सरकार की नीतियों और जनता पर पड़ रहे उसके दुष्प्रभावों का जवाब देना चाहिए।

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा रोज नए आंकड़े गढ़कर जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है। भाजपा के मंत्री और प्रवक्ता टीवी चैनलों पर बड़े आत्मविश्वास के साथ झूठ परोसते हैं, लेकिन जनता अब उनके दावों और वास्तविकता के बीच का अंतर समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती थीं, तब भाजपा सरकार महंगाई के लिए ईरान युद्ध, वैश्विक संकट और तेल कंपनियों के कथित घाटे का हवाला देती थी। लेकिन आज जब कच्चा तेल लगभग 108 डॉलर प्रति बैरल से घटकर 87 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया है, तब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में उसी अनुपात में राहत क्यों नहीं दी जा रही है?

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीति साफ है कि तेल महंगा हो तो पूरा बोझ जनता पर डालो और तेल सस्ता हो तो पुराने घाटे की कहानी सुनाकर वसूली जारी रखो। जनता को केवल एक एटीएम मशीन समझ लिया गया है, जिससे लगातार निकासी की जा रही है। यदि तेल कंपनियां वास्तव में घाटे में हैं, तो उनके शेयर लगातार मजबूत क्यों हो रहे हैं? भाजपा को इसका जवाब देना चाहिए।

झामुमो महासचिव ने कहा कि भाजपा हमेशा कहती है कि भारत अपनी 85 प्रतिशत तेल आवश्यकता आयात करता है, लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें कम होती हैं, तब अचानक यह तर्क सामने आ जाता है कि पेट्रोल-डीजल के दाम केवल कच्चे तेल से तय नहीं होते। यह दोहरा मापदंड भाजपा की आर्थिक नीतियों की सच्चाई उजागर करता है। उन्होंने कहा कि रुपया गिर नहीं रहा है, बल्कि केंद्र सरकार उसे संभालने में विफल साबित हो रही है।

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार जनकल्याण, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। भाजपा के पास जनता के मुद्दों पर कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं बचा है, इसलिए वह निराधार आरोपों और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। झारखंड की जनता भाजपा की इस राजनीति को अच्छी तरह समझती है और समय आने पर उसका जवाब भी देगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।