अम्मान: जॉर्डन में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च पर हुए हमले के मामले में सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इस हमले में नौ लोगों की मौत हो गई थी और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। सार्वजनिक सुरक्षा निदेशालय ने बताया कि मुठभेड़ के बाद तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान तीनों घायल हो गए। राजधानी अम्मान के दक्षिण में स्थित कराक में सुबह तड़के चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों का कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ। कराक में ईसाई अल्पसंख्यक आबादी रहती है। चर्च पर हमला शुक्रवार को एक अंतिम संस्कार के दौरान हुआ था। अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में तीन लोगों के शामिल होने की खबर थी।



