जेपी नड्डा ने असम में तीन चुनावी जनसभाओं को किया संबोधित

News Aroma Media
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुवाहाटी: भाजपा के राष्ट्रीय उध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तीन चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

उन्होंने राज्य की जनता से भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि असम में फिर से भाजपा-अगप गठबंधन की मजबूत सरकार बनने जा रही है।

उन्होंने मतदाताओं से भाजपा को फिर से आशीर्वाद देने का आह्वान किया।

लखीमपुर जिला के ढकुआखाना में भाजपा उम्मीदवार नव कुमार दलै के समर्थन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए सरकार द्वारा पिछले पांच वर्षों में असम में हुए विकास कार्यों के आधार पर हमें जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है।

इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में एनडीए की 100 से भी अधिक सीटों पर जीत तय है। कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते उन्होंने उस पर असम की उपेक्षा का भी आरोप लगाया।

जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य में तेजी से विकास हुआ है। बाढ़ प्रभावित लखीमपुर जिला को इस समस्या से छुटकारा दिलाने का भी उन्होंने भरोसा दिया।

उन्होंने कहा, इसके लिए केंद्र सरकार ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सेटेलाइट से जल भराव वाले क्षेत्रों का पता लगाया गया है।

वहां बड़े-बड़े तालाब बनाकर इस समस्या का समाधान किया जाएगा। इससे बाढ़ से जहां छुटकारा मिलेगा, वहीं मछली पालन के जरिये आय के नये स्रोत पैदा होंगे।

सोतिया विधानसभा के भाजपा उम्मीदवार पद्म हजारिका के समर्थन में जामगुरीहाट में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम असम की संस्कृति, सुरक्षा और समृद्धि के लिए काम करने हेतु प्रतिबद्ध हैं।

इस मौके पर सांसद पल्लव लोचन दास, सोतिया के उम्मीदवार पद्म हजारिका समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद थे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रदेश को बाढ़ मुक्त और विकास युक्त बनाना है।

उन्होंने कहा कांग्रेस के पांच गारंटी प्रचार अभियान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक गारंटी मैं जरूर देता हूं, ‘कांग्रेस आएगी तो घोटाला ही करेगी।’

उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। राज्य में 15 राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण, पांच वर्षों में छह मेडिकल कालेज, रेल मार्ग में विकास की चर्चा की।

उन्होंने कहा कि एनडीए और कनेक्टिविटी एक समान है। उन्होंने कहा कि असम को बाढ़ मुक्त और राज्य को भयमुक्त हमारी सरकार ने बनाया है।

50 वर्षों तक आपस में हम लड़ते रहे लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बोडो समझौता कर राज्य में स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त किया।

नड्डा ने कांग्रेस की सरकारों पर लटकाने, अटकाने व भटकाने की राजनीति करने का आरोप लगाया। ट्रिपल तलाक को लेकर भी अपनी सरकार द्वारा उठाये गये कार्यों की सराहना की।

राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 व 35 ए की भी चर्चा। स्वच्छ भारत, शौचालय और स्वास्थ्य आदि योजनाओं की भी चर्चा की। कोरोना काल में वैक्सीन डिप्लोमेसी पर मोदी सरकार की सराहना की।

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए नड्डा ने कहा कि सत्ता भी क्या चीज़ होती है, नीयत को भी पार कर जाती है, नीति भी ऐसी बनती है, जिसमें से क्या निकलता है, वही जाने।

फिर ये लोग खड़े होकर बोलते हैं कि हम भारत को बढ़ाएंगे। उन्होंने कांग्रेस की तरफ इशारा करते हुए कहा कि वे अपनी पार्टी की चिंता कर लें, यही बहुत है, बाकी मोदी जी पर छोड़ दें।

उन्होंने कहा कि असम में हम फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए मेहनत करेंगे। शोणितपुर जिला के बोरसोला विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार गणेश कुमार लिम्बू के समर्थन में जेपी नड्डा ने चुनावी सभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक ही उद्देश्य है, घोटाला-घोटाला और घोटाला। इसलिए हम कांग्रेस मुक्त की बात करते हैं। उन्होंने प्रियंका गांधी पर चाय पत्ती तोड़ने और राहुल गांधी पर मत्स्य मंत्रालय को लेकर कटाक्ष किया।

इसके अलावा कांग्रेस के एआईयूडीएफ के साथ हुए गठबंधन की भी जमकर आलोचना की। साथ ही केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की जमकर तारीफ की।

Share This Article