
JPSC 14th Combined Preliminary Exam : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितता की जांच कर रही सीआईडी (CID) ने शनिवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।
सीआईडी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सोनू कुमार और अरविंद कुमार शामिल हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि सोनू कुमार जेपीएससी में संयुक्त सचिव के निजी सहायक (PA) के रूप में कार्यरत है, जबकि अरविंद कुमार को मामले के मुख्य आरोपी अभय तिवारी का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है।
जांच एजेंसी ने बताया कि पूरे मामले की जांच अभी जारी है। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। सीआईडी का कहना है कि जांच में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच जांच में एक और अहम जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जांच के दौरान संकेत मिले हैं कि रांची के स्टेशन रोड स्थित एक होटल का कथित तौर पर नेटवर्क के लोगों द्वारा इस्तेमाल किया जाता था। बताया जा रहा है कि गिरोह के सदस्य वहीं ठहरते थे और वहीं से अपनी गतिविधियों की योजना बनाते थे। हालांकि, इस पहलू की पुष्टि के लिए सीआईडी जांच कर रही है।
सीआईडी अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और परीक्षा प्रक्रिया में कथित रूप से शामिल पूरे नेटवर्क को सामने लाने का प्रयास जारी है।

