जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों का सत्याग्रह जारी, जानें किन लोगों से मिल रहा समर्थन

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में हुई कथित धांधली की सीबीआई जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर राजधानी रांची में अभ्यर्थियों का सत्याग्रह आंदोलन जारी है। बापू वाटिका मोरहाबादी से शुरू हुआ यह प्रदर्शन अब जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में स्थानांतरित हो चुका है। जहां छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में अभ्यर्थी भूख हड़ताल और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं।

आंदोलन को अब सिर्फ राज्य ही नहीं, बल्कि देशव्यापी समर्थन मिल रहा है। दिल्ली, मुंबई, केरलम और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों के अलावा रांची की कई सामाजिक संस्थाएं और फीडिंग एजेंसियां आंदोलनकारी छात्रों की मदद के लिए आगे आई हैं। सत्याग्रह स्थल पर डटे अभ्यर्थियों के लिए सुबह के नाश्ते से लेकर दोपहर और रात के खाने की नि:शुल्क व्यवस्था की जा रही है, ताकि भूख हड़ताल और धरने में शामिल किसी भी छात्र को भोजन की कमी न हो।

दूसरी ओर रांची में हो रही तेज बारिश ने अभ्यर्थियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बीती रात बारिश के कारण टेंट में पानी भर गया और कई अभ्यर्थियों को खुले में रात गुजारनी पड़ी। शुरुआत में टेंट बढ़ाने की अनुमति न मिलने के बाद, छात्रों के कड़े आग्रह पर प्रशासन ने एक छोटा टेंट लगाने की इजाजत दे दी है। हालांकि, छात्र अभी भी बेहतर और पक्के इंतजामों की मांग कर रहे हैं ताकि खराब मौसम के बावजूद उनका आंदोलन प्रभावित न हो। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका यह सत्याग्रह जारी रहेगा।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।