

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC CGL) और JPSC परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच के सिलसिले में सीआईडी (CID) की टीम ने रांची और हजारीबाग में कई कोचिंग संस्थानों और उनके संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी की है। सीआईडी ने जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाले और साक्ष्य जुटाए हैं। सीआईडी की टीम ने रांची के लालपुर स्थित ‘शिवांगन की पाठशाला’ और इसके निदेशक संजीत कुमार के रातू रोड स्थित आवास पर दबिश दी। इसके अलावा हजारीबाग के ‘मेधा कोचिंग सेंटर’ में भी जांच की गई। यह कार्रवाई सीआईडी के कांड संख्या 16/2026 के अनुसंधान के तहत की गई है।





150 में से 65 सवाल परीक्षा से पहले ही मिले
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि JSSC-CGL परीक्षा से पहले ही कई अभ्यर्थियों को 150 में से 65 प्रश्न मिल गए थे। मामले के मुख्य आरोपी अभय तिवारी से पूछताछ में सामने आया कि बोकारो के एक क्वार्टर में उसने 15 अन्य अभ्यर्थियों को ये प्रश्न रटवाए थे। इसके एवज में प्रति अभ्यर्थी 12 लाख लिए गए थे। मामले में अभय तिवारी के भाई अक्षय तिवारी और पत्नी सुषमा कुमारी से भी पूछताछ की जा रही है।
हाईकोर्ट में सुनवाई आज
दूसरी ओर, नियुक्ति विज्ञापनों को रद्द करने के फैसले के खिलाफ दायर याचिकाओं पर झारखंड हाईकोर्ट में आज सुनवाई होनी है। इसके अलावा JPSC 14वीं और CGL परीक्षा में कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका पर भी सुनवाई शेड्यूल की गई है।
