
Kargil Vijay Diwas : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रविवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचकर वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित कर मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
संजय सेठ ने कहा कि देश अपने उन वीर सपूतों का सदैव ऋणी रहेगा, जिन्होंने अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान से भारत की आन, बान और शान की रक्षा की। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।
श्रद्धांजलि समारोह में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन. एस. राजासुब्रमणि, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह और नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन समेत रक्षा सेवाओं के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके अद्वितीय साहस एवं सर्वोच्च बलिदान को याद किया। रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि राष्ट्र अपने वीर जवानों के योगदान को कभी नहीं भूल सकता और उनका बलिदान हमेशा देशवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

