जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज के रसायन विज्ञान स्नातकोत्तर विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अली जान हुसैन की नवीनतम शैक्षणिक पुस्तक ‘हैंडबुक ऑफ ग्रीन केमिस्ट्री: प्रिंसिपल्स, एप्लीकेशन एंड सस्टेनेबल प्रैक्टिसेज’ का विमोचन कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. राजेंद्र भारती तथा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रियाज ने किया।

इस पुस्तक को डॉ. अली जान हुसैन ने जीएच रायसोनी यूनिवर्सिटी, अमरावती के सहायक प्रोफेसर डॉ. तपन कुमार शंकर तथा सीएसआईआर-एनएमएल के शोधार्थी लोककृष्ण झा के साथ मिलकर लिखा है। पुस्तक को नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें कोल्हान विश्वविद्यालय सहित झारखंड के विश्वविद्यालयों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए विषयवस्तु शामिल की गई है। पुस्तक के माध्यम से विद्यार्थियों को हरित रसायन (Green Chemistry) के सिद्धांतों, संधारणीय रासायनिक प्रक्रियाओं तथा प्रदूषण निवारण से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
हरित रसायन का उद्देश्य रासायनिक प्रक्रियाओं और उत्पादों को अधिक सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल तथा टिकाऊ बनाना है। यह पुस्तक विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए शैक्षणिक अध्ययन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की अवधारणाओं को समझने में उपयोगी साबित हो सकती है।


