उत्तराखंड : केदारनाथ धाम के कपाट खुले, मुख्यमंत्री धामी भी हुए शामिल

छह माह बाद खुले केदारनाथ मंदिर के कपाट, पीएम मोदी के नाम पहली पूजा, सीएम धामी रहे मौजूद, हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देहरादून: सर्दियों में छह माह बंद रहने के बाद बुधवार को सुबह पूरे विधि विधान के साथ केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए फिर खोल दिए गए जहां पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से की गयी । प्रातः लगभग 4 बजे से ही धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गए थे। पंचमुखी डोली की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान की डोली को मंदिर प्रांगण में लाया गया, जहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत कपाट खोलने की तैयारियां पूरी की गईं। कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। इस दौरान हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने और पूरा धाम भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। कपाट उद्घाटन के दौरान हेलीकॉप्टर से मंदिर पर भव्य पुष्प वर्षा की गई, जिसने श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था को और भी बढ़ा दिया।

आठ बजे खुले कपाट

ठीक 8 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही सर्वप्रथम भगवान की पंचमुखी डोली को गर्भगृह में प्रवेश कराया गया और सभी धार्मिक औपचारिकताओं के पश्चात भगवान केदारनाथ विधिवत विराजमान हुए।

बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से आए श्रद्धालु

इस भव्य आयोजन के साथ ही बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का सिलसिला शुरू हो गया है। श्रद्धा, आस्था और भक्ति के इस अद्भुत संगम ने पूरे केदारनाथ धाम को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।