पत्रकार किसे माना जाए ? विचार करेगा सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट पत्रकार की पहचान और विरोध प्रदर्शनों की कवरेज के दौरान उनकी सुरक्षा पर विचार करेगा। अदालत ने सात पत्रकारों से जुड़े मामले की जांच उच्चस्तरीय समिति को सौंपी है।

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह इस बात पर विचार करेगा कि पत्रकार कहलाने के योग्य कौन है और क्या विरोध प्रदर्शनों को कवर करते समय मान्यता प्राप्त मीडियाकर्मियों को स्वयंभू रिपोर्टरों की तुलना में अधिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने टिप्पणी की कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और सार्वजनिक कानून एवं व्यवस्था के प्रशासन के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।

सुप्रीम कोर्ट ने 10 और 11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों को कवर कर रहे सात पत्रकारों को कथित तौर पर हिरासत में लेने, उनपर हमला करने और उनके काम में बाधा डालने से जुड़ी याचिकाओं की जांच का जिम्मा, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता वाली एक उच्चस्तरीय समिति को सौंप दिया है। इसमें याचिकाकर्ताओं से कहा गया कि वे पांच-सदस्यीय समिति के समक्ष सामग्री प्रस्तुत करें।

न्यायमूर्ति बागची ने टिप्पणी करते हुए कहा कि आप उस समिति के पास वापस जाएंगे जिसे हमने गठित किया है, ताकि यह तथ्य के आधार पर साबित किया जा सके कि क्या आपके याचिकाकर्ता वास्तव में वहां मौजूद थे। और अगर वे वहां मौजूद थे, तो क्या उनपर अत्यधिक बल का प्रयोग किया गया था। उन्होंने कहा कि क्या उनपर बल का प्रयोग किया गया था, और यदि किया गया था, तो क्या यह बल सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक अनुपात की तुलना में अत्यधिक था? उन्होंने आगे कहा कि स्वयंभू पत्रकारों को शायद मान्यता प्राप्त पत्रकारों जैसी सुरक्षा न मिले।

केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स और दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स ने अपनी याचिका में कहा है कि पत्रकारों को रिपोर्टिंग वाली जगहों से जबरन हटा दिया गया, उन्हें घटनाओं की रिकॉर्डिंग करने से रोका गया और उनके साथ शारीरिक बल का प्रयोग किया गया। याचिका के अनुसार, विरोध प्रदर्शनों को कवर कर रहे मान्यता प्राप्त पत्रकारों को उनके प्रेस पहचान पत्र दिखाने के बावजूद रोका गया, घसीटा गया, मारपीट की गई और हिरासत में लिया गया। वरिष्ठ अधिवक्ता पीवी दिनेश ने कहा कि स्थापित संगठनों के साथ काम करने वाले सात पत्रकारों को हिरासत में लिया गया, न कि फिल्म निर्माताओं को।

वकील ने कहा कि सवाल यह है कि जब जाने-माने और मान्यता प्राप्त पत्रकार किसी घटना की कवरेज कर रहे हों, तो क्या उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है?’’ दिल्ली पुलिस ने इससे पहले शीर्ष अदालत को बताया था कि सोशल मीडिया पर “रील बनाने वाले” और इन्फ्लुएंसर, विरोध प्रदर्शनों को कवर करने वाले पत्रकारों की तरह सुरक्षा का दावा नहीं कर सकते। राष्ट्रीय राजधानी पुलिस ने एक हलफनामे में कहा है कि पत्रकार, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स से एक “अलग श्रेणी” में आते हैं। सोशल मीडिया क्रिएटर्स व्यावसायिक लाभ के लिए रील्स बनाने के वास्ते कैमरे और माइक्रोफोन का इस्तेमाल करते हैं। पुलिस का तर्क है कि ये क्रिएटर्स विरोध-प्रदर्शनों को कवर करते समय अपने-आप उन सुरक्षाओं का दावा नहीं कर सकते, जो प्रेस को मिलती हैं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।