पटना : बिहार के चर्चित आईएएस अधिकारी और गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उनके परिवार ने राहत की सांस ली है। अदालत ने पूर्व सांसद आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई के फैसले को रद्द कर दिया है और उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले पर जी. कृष्णैया की बेटी पद्मा ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने में भले ही देर हुई, लेकिन उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा था। पद्मा ने कहा कि उनके पिता के साथियों और दोस्तों ने इस मामले में लंबी लड़ाई लड़ी। पिता के निधन के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया था. उनकी मां भी काफी दुखी थीं। ऐसे मुश्किल समय में उनके पिता के बैचमेट और दूसरे अधिकारी साथियों ने हार नहीं मानी और न्याय के लिए लगातार संघर्ष करते रहे।

पद्मा ने भावुक होते हुए कहा, “पप्पा कितने अच्छे थे कि उनके लिए इतने लोगों ने लड़ाई लड़ी। उनके ऑफिसर साथियों ने बहुत बड़ी लड़ाई लड़ी है। हम उनके एहसान को कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि उनके पिता के दोस्तों ने जिस तरह से इस लड़ाई को आगे बढ़ाया, उसके लिए वह सभी का धन्यवाद करना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि परिवार को भरोसा था कि एक दिन न्याय जरूर मिलेगा. भले ही फैसला आने में लंबा समय लगा, लेकिन उनके पिता के साथी पीछे नहीं हटे। पद्मा के मुताबिक, परिवार इस फैसले से खुश है और न्याय मिलने से उन्हें संतोष मिला है।
गौरतलब है कि बिहार सरकार ने अप्रैल 2023 में जेल मैनुअल में संशोधन किया था। इसके बाद आनंद मोहन को समय से पहले जेल से रिहा कर दिया गया था। इस फैसले को जी. कृष्णैया के परिवार ने चुनौती दी थी। परिवार का कहना था कि जेल मैनुअल में किया गया बदलाव आनंद मोहन को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने अब बिहार सरकार के उस फैसले को गलत ठहराते हुए आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द कर दी है। अदालत ने उन्हें एक महीने के भीतर जेल में सरेंडर करने का निर्देश दिया है। इस फैसले के बाद जी. कृष्णैया के परिवार ने इसे न्याय की दिशा में अहम कदम बताया है।


