संवेदनशील प्रकरण में पुलिस की एकपक्षीय कार्रवाई का निशाना बने पत्रकार अभिषेक भारती, निष्पक्ष जांच और न्याय के लिए कानूनी विकल्प अपनाएगा रांची प्रेस क्लब

पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी पर रांची प्रेस क्लब ने पुलिस कार्रवाई को एकपक्षीय बताया। क्लब ने निष्पक्ष जांच, कानूनी अधिकारों के सम्मान और कानून के समान इस्तेमाल की मांग की।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक संवेदनशील मामले की रिपोर्टिंग के बाद पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई और अब उनकी गिरफ्तारी की गई है। रांची प्रेस क्लब इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की कार्रवाई को एकपक्षीय मानता है और इस पर गंभीर चिंता जताता है। रांची प्रेस क्लब का मानना है कि कानून सभी के लिए समान है और पुलिस की कार्रवाई भी निष्पक्ष, पारदर्शी तथा बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के होनी चाहिए थी। जिस तत्परता और सक्रियता के साथ पत्रकार अभिषेक भारती के मामले में कार्रवाई की गई, वैसी सक्रियता राजनीतिक दल से जुड़े नामजद आरोपी के मामले में नहीं दिखाई दी। पुलिस की कार्रवाई में इस अंतर को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। कानून के पालन में किसी व्यक्ति की राजनीतिक हैसियत कार्रवाई की गति अथवा दिशा तय करने का आधार नहीं होनी चाहिए।

रांची प्रेस क्लब पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और जांच की प्रक्रिया में उनके कानूनी अधिकारों के पूरे सम्मान की मांग करता है। जांच के नाम पर अनावश्यक प्रताड़ना, दबाव या अनुचित कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। प्रेस क्लब इस मामले में पत्रकार के अधिकारों और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कानूनी विकल्प अपनाएगा।

पत्रकारिता का दायित्व जनहित के सवालों को सामने लाना है। किसी खबर की सत्यता, प्रस्तुति या उससे जुड़े आरोपों पर कानूनी प्रक्रिया के तहत विमर्श और जांच हो सकती है, लेकिन पत्रकारों के अधिकारों, स्वतंत्रता और सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। रांची प्रेस क्लब इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और कानून के समान इस्तेमाल की मांग करता है।

किसी संवेदनशील मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार की भूमिका का आकलन निष्पक्षता और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर ही होना चाहिए। पत्रकारिता के दौरान सामने आई जानकारी, उसकी प्रस्तुति और पत्रकार के खिलाफ लगाए गए आरोपों के बीच संबंध की जांच तथ्यों के आधार पर हो, न कि किसी पूर्वाग्रह के साथ।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।