केरलम के गृह मंत्री ने कोच्चि कार दुर्घटना मामले की जांच में पुलिस से चूक होने की बात स्वीकार की

केरल में जज के 17 वर्षीय बेटे की मर्सिडीज से टक्कर में व्यक्ति की मौत, पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर गृह मंत्री ने मानी चूक, पिता पर भी कार्रवाई संभव।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

तिरुवनंतपुरम (केरलम): केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने सोमवार को स्वीकार किया कि कोच्चि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के 17 वर्षीय बेटे द्वारा चलाई जा रही मर्सिडीज-बेंज कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस से चूक हुई। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेगी और जरूरत पड़ने पर नाबालिग के पिता के खिलाफ भी कदम उठाएगी।

विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनराई विजयन की ओर से उठाए गए मुद्दे का जवाब देते हुए चेन्निथला ने कहा कि एर्नाकुलम जिले में चेरानेल्लूर थाने के अधिकार क्षेत्र में हुई यह घटना दुखद है और मामले में पुलिस द्वारा की गई शुरुआती कार्रवाई पर्याप्त नहीं थी। घटना में जान गंवाने वाला व्यक्ति सड़क किनारे खानपान की दुकान लगाता था। दुकान बंद करने के बाद वह किराने का सामान लेकर घर लौट रहा था तभी एक कार ने उसे टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

चेन्निथला ने कहा, “मामले में चेरानेल्लूर पुलिस द्वारा की गई शुरुआती कार्रवाई सही नहीं थी।” उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने शहर के पुलिस आयुक्त और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से संपर्क किया था। गृह मंत्री ने कहा कि पुलिस को शुरुआत में ही गैर इरादतन हत्या सहित उचित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज करना चाहिए था। उन्होंने डीजीपी को मामले की समीक्षा करने का निर्देश भी दिया था। इसके बाद डीजीपी और कानून-व्यवस्था शाखा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) ने हस्तक्षेप किया और फिर मामले में संबंधित धारा जोड़ी गई।

मंत्री ने कहा कि अतिरिक्त आरोप जोड़े जाने के बाद नाबालिग को फिर से किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, लेकिन उसे जमानत मिल गई। चेन्निथला ने बताया कि उन्होंने पुलिस को जमानत रद्द कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कार कथित तौर पर न्यायाधीश के नाम पर पंजीकृत है। उन्होंने कहा कि मामले जांच में जरूरत पड़ने पर नाबालिग के पिता के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सदन को भरोसा दिलाया कि किसी को भी जवाबदेही से बचने नहीं दिया जाएगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।