केरल में शिक्षा मंत्री के कार्यालय ने परीक्षा प्रश्नपत्रों को लेकर सोशल मीडिया दावों पर शिकायत की

केरल में ओणम परीक्षा के प्रश्नपत्रों को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे फर्जी दावों पर सरकार सख्त हुई। पुलिस से शिकायत कर छात्रों को ऐसे चैनलों से सावधान रहने को कहा गया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

तिरुवनंतपुरम: केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री के कार्यालय ने ओणम स्कूल परीक्षा के प्रश्नपत्रों के बारे में झूठे दावे करके छात्रों को कथित तौर पर गुमराह कर रहे सोशल मीडिया चैनल के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग को लेकर राज्य पुलिस प्रमुख से शिकायत की है। मंत्री के कार्यालय ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि मंत्री के निजी सचिव ने राज्य पुलिस प्रमुख को शिकायत सौंपकर ऐसे सोशल मीडिया चैनल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बयान में कहा गया कि कई शिक्षक और शैक्षणिक चैनल ‘इंस्टाग्राम’ और ‘यूट्यूब’ जैसे सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से छात्रों को पढ़ा रहे हैं। बयान में कहा गया कि हालांकि, कुछ चैनल कथित तौर पर इन मंचों का इस्तेमाल गुमराह करने वाली सामग्री प्रसारित करने के लिए कर रहे हैं।

बयान में कहा गया है कि वीडियो और पोस्ट में “हम (ओणम परीक्षाओं के लिए) प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराएंगे”, “केवल हमारे बताए गए प्रश्न ही पूछे जाएंगे”, “यह मॉडल प्रश्न-पत्र है जो कल की परीक्षा में आएगा” और “आपको बस यही पढ़ना है” जैसे दावे किए जा रहे हैं। बयान में कहा गया है, “ऐसे दावों से छात्रों में गलत उम्मीदें पैदा होती हैं और परीक्षा को लेकर भ्रम की स्थिति बनती हैं। इनसे छात्र ठीक से तैयारी करने के बजाय, परीक्षा से ठीक पहले कथित तौर पर मिलने वाले सवालों पर ही निर्भर रहने के लिए प्रेरित हो सकते हैं।”

ओणम अवकाश से पहले स्कूलों में आयोजित होने वाली सत्र परीक्षाओं को ओणम परीक्षा कहा जाता है। इसने दावों की पुष्टि करने और उनके गलत पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की है। साथ ही यह भी जांच करने को कहा गया है कि कहीं छात्रों की निजी जानकारी जुटाने के लिए इन तरीकों का दुरुपयोग तो नहीं किया जा रहा है।

मंत्री के कार्यालय ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को ऐसे झूठे दावों के झांसे में नहीं आने की सलाह दी है और कहा है कि परीक्षा प्रश्नपत्रों को लेकर गलत दावे करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, मंत्री के कार्यालय ने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य सोशल मीडिया मंचों पर शिक्षकों द्वारा चलाई जा रही नियमित शैक्षणिक कक्षाओं को रोकना नहीं है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।