नई दिल्ली : राजनीतिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव ने दावा किया है मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने जा रहे आरजेडी सांसद मनोज झा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि बौखलाई सरकार ने जंतर-मंतर सत्याग्रह में शामिल होने जा रहे राज्यसभा सांसद मनोज झा को हिरासत में लिया है। प्रदर्शन का आह्वान करने वाले लोगों से एक वकील प्रशांत भूषण ने भी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि दिल्ली पुलिस ने मोदी/शाह के आदेश पर जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए मध्य दिल्ली को बंद कर दिया है। उन्होंने लिखा कि 11 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है, निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और इंटरनेट बंद कर दिया गया है! पुलिस ने जंतर-मंतर की घेराबंदी कर दी है और वहां लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है. सांसद मनोज झा को भी हिरासत में लिया गया है।

प्रशांत भूषण ने लिखा कि यह सब गांधी जयंती के दिन हो रहा है! मोदी/शाह यह नहीं समझते कि इससे लोगों में और गुस्सा पैदा होगा और ज्यादा लोग सड़कों पर उतरेंगे। वे कितने लोगों को प्रदर्शन करने से रोक सकते हैं और कितने लोगों को हिरासत में ले सकते हैं? आखिरकार वे स्थिति संभालने में असमर्थ हो जाएंगे।
दिल्ली पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ दो अक्तूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस प्रदर्शन का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं ने किया है।


